रामपुर। खुद को अविवाहित बताकर दूसरा निकाह करने वाले सिपाही को एसपी ने निलंबित कर दिया है। उसके खिलाफ शामली में एक महिला ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें दूसरा निकाह कर शारीरिक शोषण और गर्भवती करने का आरोप लगाया गया है।
शामली की एक कॉलोनी निवासी युवती ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया था कि करीब दो वर्ष पहले उसकी सोशल मीडिया के माध्यम से रामपुर के गंज थाने में तैनात सिपाही जुबैर त्यागी से दोस्ती हुई थी।
सिपाही ने खुद को अविवाहित बताया था, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। आरोप है कि सिपाही ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाए। इस दौरान युवती गर्भवती हो गई, लेकिन बाद में आरोपी ने शादी से इन्कार कर दिया।
युवती के विरोध करने पर आरोपी ने निकाह किया, लेकिन साथ रखने से इन्कार करता रहा। बाद में पीड़िता को पता चला कि सिपाही पहले से शादीशुदा है। इसके बाद पीड़िता ने शामली महिला थाने में जुबैर त्यागी, उसके पिता कारी अजमत इलाही, पहली पत्नी रेशमा, आकील प्रधान, शमीम प्रधान, दानिश, अकरम और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामले की सूचना मिलने के बाद गंज थाना पुलिस ने एसपी को रिपोर्ट भेजी। इसके बाद एसपी सोमेंद्र मीणा ने सिपाही जुबैर त्यागी को निलंबित कर दिया।