बिलारी में हुआ हादसा, एक ही हालत नाजुक
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहबाद। बरात में शामिल होने जा रहे बरातियों से भरी एक कार बिलारी क्षेत्र में अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। कार में सवार पांचों बराती गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है।
शाहबाद के मोहल्ला सादात निवासी भूरा ने बताया कि वह रविवार शाम अपने साथियों के साथ संभल में एक बरात में शामिल होने के लिए निकले थे। मुरादाबाद के बिलारी क्षेत्र अंतर्गत गांव भिड़बाड़ी के पास अचानक सामने आए एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अन्य बाइक सवार की भी कार से भिड़ गया।
हादसे में कार सवार भूरा, शानू, रिजवान, अजीम और इब्राहिम घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई और वहां कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों के बीच हाथापाई भी हुई, जिससे डर के कारण कार में सवार एक-दो लोग मौके से जान बचाकर भाग गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे में घायल शानू की हालत गंभीर है और उसका इलाज मुरादाबाद के निजी अस्पताल में चल रहा है।