स्वार। क्षेत्र के ग्राम करीमपुर में वन विभाग ने आखिरकार पिंजरा लगा दिया है। चारे के रूप में बकरी को बांधा गया है।
शुक्रवार रात तेंदुए ने गांव के जंगल में गोवंशीय पशु का शिकार कर दिया था, जिसके बाद ग्रामीणों में भय और रोष का माहौल बन गया था। लोगों ने वन विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए गांव में सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की थी।
वन विभाग की टीम ने सोमवार को मौके पर पहुंचकर पिंजरा लगाया और आसपास गश्त बढ़ा दी है। ग्रामीणों ने विभाग से गांव और खेतों के आसपास रात्रिकालीन पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा बच्चों व पशुओं की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
वन दरोगा कुलवीर सिंह ने बताया कि तेंदुए की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जल्द ही उसे पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।