रामपुर। खौद-मुरसैना रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में अजीमनगर थाना में तैनात सिपाही की मौत हो गई। दुर्घटना में दूसरी बाइक पर सवार दो सगे भाई भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बिजनौर के थाना चांदपुर के गांव अकबरपुर तिगड़ी निवासी शहजाद अजीमनगर थाना में सिपाही के पद पर तैनात था। शुक्रवार शाम वह बाइक से अजीमनगर थाने से खौद जा रहा था। रास्ते में खौद-मुरसैना रोड पर सामने से आ रही बाइक से आमने-सामने की टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर अजीमनगर थाना क्षेत्र के गांव सैंदाबाद निवासी महेंद्र और भाई विजेंद्र सवार थे। दोनों बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर के बाद तीनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए। मामले की जानकारी खौद पुलिस को दी गई। तीनों को जिला अस्पताल ले जाया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डाक्टरों ने सिपाही शहजाद को मृत घोषित कर दिया। घायल महेंद्र और विजेंद्र को इलाज के लिए भर्ती कर लिया गया। दोनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। सिपाही की मौत की जानकारी मिलने पर एएसपी एके वर्मा व सीओ स्वार टीपी पांडेय मौके पर पहुंचे। सिपाही के मौत की सूचना उसके परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।