रामपुर। नगर विकास मंत्री की सख्ती के बाद भी प्रशासन खनन माफियाओं पर शिकंजा नहीं कस पा रहा है। हालत यह है कि सरकारी मशीनरी मजदूरों पर ही कार्रवाई का डंडा चलाकर खनन को रोकने की कोशिश में लगी है। मजे की बात यह है कि जिले में खनन के लिए कोई लाइसेंस जारी नहीं हुआ है, लेकिन फिर भी अवैध खनन का कारोबार फलफूल रहा है।
नदी किनारे से निकलने वाले रेता, बजरी और बालू का हर साल ठेका होता है। रामपुर में यूं तो हर तहसील में नदी किनारे से निकाले जाने वाले स्थानों को चिह्नित करते हुए ठेका दिया जाता है। ठेके के जरिए होने वाली आय सरकारी खजाने में जमा कराई जाती है। जिले में स्वार के पट्टी कलां गांव में कोसी किनारे की जमीन का पट्टा ही दिया गया था, जिसकी अवधि भी खत्म हो गई है। सदर तहसील में नदी किनारे की कोई जमीन चिह्नित नहीं की गई है ऐसा दावा सरकारी मशीनरी का है। इसी तरह टांडा में अकबराबाद के पास भी पट्टा जारी नहीं किया गया है। इन सबके बाद भी अवैध खनन का धंधा जिले भर में जोरशोर से जारी है। अवैध खनन पर सदर क्षेत्र के रवन्ना गांव में पिछले दिनों नगर विकास मंत्री आजम खां ने भी अफसरों से गहरी नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने खनन माफियाओं पर शिकंजा कसने के आदेश दिए थे, लेकिन शुरुआत में तेजी दिखाने वाली पुलिस व प्रशासनिक अफसरों की टीम खनन माफियाओं पर शिकंजा नहीं कस पा रही है। यानी साफ है कि अफसर माफियाओं पर कार्रवाई की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। पुलिस व प्रशासनिक अफसर सिर्फ मजदूरों पर ही डंडा चला रहे हैं।