रामपुर। जिला अस्पताल में मां की तड़पती हालत को देख बेकाबू बेटे ने हंगामा खड़ा कर दिया। आरोप था कि घायल महिला की हालत बिगड़ती जा रही है, लेकिन डाक्टर कोई इलाज नहीं कर रहे हंगामे से वहां भगदड़ मच गई। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद हंगामा शांत हुआ और फिर परिजन महिला को लेकर बरेली चले गए।
मिलक के रोरा कला निवासी सलीम की पत्नी अन्नू सड़क पर एक वाहन की चपेट में आ गई थी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे गंभीर हालत में मिलक अस्पताल में लाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अन्नू के बेटे समीम का आरोप है कि उसकी मां की हालत बिगड़ती जा रही थी, लेकिन इमरजेंसी स्टाफ कोई कार्य ठीक से नहीं कर रहा था। मरीज तड़प रहा था और डाक्टर कोई भी उसके निकट नहीं आ रहा था। मरीज की हालत बिगड़ती देख परिजन आग बबूला हो गए। उन्होंने हंगामा खड़ा कर दिया। हंगामे के डर से मरीज वार्ड रूम का गेट बंद कर दिया गया। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। हंगामा शांत होने के बाद परिजन घायल महिला को लेकर बरेली चले गए।