रामपुर। बाईपास को अधिग्रहीत भूमि के मुआवजे को लेकर किसान फिर सड़क पर आ गए। उन्होंने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया। चेतावनी दी कि उचित मुआवजा न मिलने तक उनका विरोध जारी रहेगा।
हाईवे बाईपास को मंसूरपुर, आगापुर, टिकटगंज, शादी की मडैया समेत कई गांवों की भूमि अधिग्रहीत की गई है। लेकिन, अभी तक अधिकतर किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिला है। मुआवजे को लेकर किसानों का विरोध जारी है। कई गांवों के किसान भाकियू(भानु) के मंडल उपाध्यक्ष हरताल सिंह यादव के नेतृत्व में कलक्ट्रेट पहुंचे और उन्होंने प्रदर्शन शुरू कर दिया। कुछ देर प्रदर्शन के बाद एडीएम को ज्ञापन दिया, जिसमें कहा है कि किसानों को बीस साल पुराने सर्किल रेट के मुआवजा दिया जा रहा है। मुआवजे से किसान संतुष्ट नहीं है। किसानों को उनकी भूमि का मुआवजा नए सर्किल रेट से मिलना चाहिए। ज्ञापन देने वालों में अमर सिंह, रामबाबू, उदयवीर सिंह, भूकन सिंह, सौदान सिंह, रामपाल सिंह, गनपत सिंह, रामपाल सिंह, रामेश्वर दयाल,कृष्णपाल, चंद्रपाल, शिशुपाल, आनंदीपाल, भीमसेन, ऊदल सिंह भी थे।