रामपुर। सीएम विजिट के दौरान योजनाओं के पात्रों के लाभ दिलाने को कवायद तेज कर दी गई है। तहसील प्रशासन फार्मों के सत्यापन में बुरी तरह उलझ गया है। अफसरों को जल्द से जल्द विभिन्न योजनाओं का लाभ देने को पात्रों का चयन करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव दस दिसंबर को रामपुर आएंगे। उनके आगमन की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अमले ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रशासन को सूचना मिली है कि सीएम कन्या विद्या धन, अल्पसंख्यक छात्राओं के लिए संचालित हमारी बेटी उसका कल योजना और बेरोजगारी भत्ता बांट सकते हैं। इन प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू की हैं। प्रशासन की मंशा है कि सीमित संख्या में ही मुख्यमंत्री के हाथों चेक बंटवाएं जाएं। इसके लिए पात्रों की सूची संबंधित विभागों से मांगी गई है। लाभार्थियों के चयन करने का जिम्मा तहसील प्रशासन को दिया गया है। आवेदन पत्रों में लगे प्रमाण पत्रों का सत्यापन करने की कवायद तेज की है। लेखपालों और कानूनगो खुद मौके पर जाकर सत्यापन कर रहे हैं। जिलाधिकारी अनिल ढींगरा ने निर्देश दिया कि जल्द आवेदन पत्रों का सत्यापन करा लिया जाए। प्रमाण पत्रों का सत्यापन पूरी तरह ईमानदारी से कराया जाए। किसी भी तरह से कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। कुल मिलाकर तहसील प्रशासन ने अपने स्तर से तैयारियां पूरी करनी शुरू कर दी हैं।