रामपुर। लंबे समय से स्मार्ट मीटर के कनेक्शन कटने की समस्या से परेशान उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद सभी स्मार्ट मीटरों को पोस्टपेड करने का फैसला लिया गया है। इसके तहत रामपुर में लगे 92 हजार प्रीपेड स्मार्ट मीटरों को पोस्टपेड में बदला जाएगा। अब जिले में नए स्मार्ट मीटर भी पोस्टपेड मोड पर ही लगाए जाएंगे।
रामपुर में 3.91 लाख स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसमें से अब तक 92 हजार मीटर लगाए जा चुके हैं। पहले चरण में लगे स्मार्ट मीटरों को लेकर उपभोक्ताओं ने बढ़े हुए बिल और बैलेंस खत्म होने पर तुरंत कनेक्शन कटने जैसी शिकायतें की थीं। इन समस्याओं से जिले के उपभोक्ता काफी परेशान थे।
प्रदेश में विरोध प्रदर्शन के बाद सरकार ने प्रीपेड मीटरों को पोस्टपेड में बदलने का निर्णय लिया। इस संबंध में उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक ने आदेश जारी कर दिए हैं।
एक्सईएन प्रथम पीके शर्मा ने बताया कि मुख्यालय के आदेशों का पालन किया जा रहा है। जल्द ही सभी मीटर पोस्टपेड कर दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अब जो स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे, वे भी पोस्टपेड मोड में ही होंगे।