रामपुर। श्री गुरु गोविंंद सिंह महाराज के प्रकाश दिवस के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा श्री गुरुनानक दरबार प्रबंधक कमेटी की ओर से प्रभातफेरी निकाली गई। प्रभातफेरी में कीर्तन कर श्रद्धालुओं को निहाल किया गया। जगह-जगह प्रभातफेरी का स्वागत हुआ।
प्रभात फेरी सिविल लाइंस स्थित गुरुद्वारा श्री गुरुनानक दरबार से शुरू हुई। इसके बाद सिविल लाइंस क्षेत्र में मेन हाईवे से होते हुए बिसमिल्लाह बिल्डिंग पहुंची। यहां से फाटक पार कर ज्वालानगर क्षेत्र में पहुंची और फौजी डेंटल क्लीनिक से वापस गुरुद्वारा साहिब को रवाना हुई। प्रभात फेरी में महिला श्रद्धालुओं ने कीर्तन करते हुए गुरु की महिमा का वर्णन किया। इसके साथ ही वाहे गुरु का खालसा, वाहे गुरु की फतेह के जयघोष गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने प्रभात फेरी में शामिल लोगों को जलपान कराया और कई स्थानों पर प्रभात फेरी का स्वागत किया गया। इस दौरान अवतार सिंह बिट्टू, मनप्रीत सिंह, गुरवचन सिंह, महेंद्र सिंह, हरि सिंह, मनोहर सिंह, गुरदीप सिंह, गुरदर्शन सिंह, ज्ञानी पाल सिंह, हरप्रीत कौर, मनप्रीत कौर, सुरजीत कौर, कमलेश भाटिया आदि मौजूद रहे।