भोट। घरेलू लाइन में हाईटेशन लाइन का करंट आने से एक महिला के झुलसने व कई ग्रामीणों के घरों में रखे उपकरण आदि फुंकने पर ग्रामीण भड़क गए। आक्रोशित ग्रामीण भोट बिजलीघर पहुंच गए व कर्मियों पर अवैध वसूली लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर नारेबाजी व प्रदर्शन किया।
थाना क्षेत्र के पजावा गांव निवासी गीता पत्नी हरदेव सिंह घर के बाहर लगे नल से पानी भर रही थी। इसी दौरान नल के पास में ही लगी मोटर में हाईटेशन लाइन का करंट आने से वह झुलस गई। चीख पुकार पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसे किसी तरह बचाया और चिकित्सक के पास ले गए।घरों में भी हाईटेंशन लाइन के करंट आने से कई ग्रामीणों के उपकरण भी फुंक गए।हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से महिला के झुलसने व घरों में लगे उपकरण फुंकने से ग्रामीण भड़क गए।आक्रोशित ग्रामीण ग्राम प्रधान डा कुर्बान अली के साथ भोट बिजलीघर पहुंच गए व हंगामा करने लगे। ग्रामीणों का आरोप था कि गांव के मंदिर में लगा ट्रांसफारमर ओवरलोड के कारण कई बार फुंक गया लेकिन शिकायत के बावजूद नहीं बदला जा रहा है। हाईटेंशन लाइन गांव की संकरी गलियों से गुजर रही है। जिस कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं।ग्रामीण विभागीय कर्मचारियों पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए हंगामा कर नारेबाजी व प्रदर्शन करने लगे। मौके पर मौजूद विभागीय कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों को समझाकर मामला शांत करवाया।