रामपुर। शहर में बारिश से हो रहे जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए नगर पालिका सक्रिय हो गई है। पालिका ने शहर में बारिश के मौसम के बीच नालों की सफाई का काम शुरू कर दिया है। ईओ का कार्यभार देख रहे एसडीएम ने खुद नालों की सफाई अपनी निगरानी में करानी शुरू की है,जिसके बाद पालिका के अफसरों में खलबली मची हुई है।
पालिका की ओर से जलभराव की समस्या से निपटने के लिए हर साल सफाई कराई जाती है,लेकिन पालिका ने इस बार नालों की सफाई तक नहीं कराई। हालत यह है कि बारिश से पहले सफाई का काम पूरा हो जाना चाहिए था,लेकिन इस दफा सफाई का काम तो दूर इसके लिए औपचारिकता तक शुरू नहीं की गई है,जिसका नतीजा यह है कि शहर में मामूली बारिश में जलभराव हो रहा है। बात चाहे शहर के ज्वाला नगर की विकास नगर कालोनी की हो या फिर वीआईपी इलाका माने जाने वाला जौहर रोड हो। इसके अलावा कलक्ट्रेट के आसपास भी सड़क पर जलभराव हो रहा है। कलक्ट्रेट के आसपास पानी भर जाने से लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। अफसर भी इस पानी के बीच होकर गुजर रहे हैं। अमर उजाला द्वारा इस मुद्दे को जब गंभीरता से उठाया गया तो एसडीएम को पालिका प्रशासन गंभीर हो गया। ईओ का चार्ज मिलने के बाद पालिका में एक बार फिर से नालों की सफाई की कवायद शुरू की गई है। पालिका प्रशासन ने शहर के मुख्य नालों की सफाई का काम शुरू कर दिया है। बुधवार को भी पालिका प्रशासन ने सफाई का काम कराया।
-------
पालिका में सफाई का काम अब शुरू कर दिया गया है। शाहबाद गेट से गुजरने वाले नाले की सफाई शुरू करा दी गई है। वह खुद इस कार्य की निगरानी कर रहे हैं। पालिका जल्द ही सभी नालों की सफाई का काम पूरा करा लेगी। डा.राजेश कुमार, कार्यवाहक ईओ एवं एसडीएम सदर