धमोरा में झोलाछाप पर कार्रवाई, रिपोर्ट दर्ज
रामपुर। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सोमवार को धमोरा में छापेमार कार्रवाई की। इस दौरान एक झोलाछाप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। झोलाछाप के क्लीनिक से भारी मात्रा में दवा व उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
डीएम की सख्ती के बाद स्वास्थ्य विभाग ने झोलाछाप के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है। टीम ने धमोरा साप्ताहिक बाजार में स्थित एक क्लीनिक पर छापा मारा। यहां पर झोलाछाप द्वारा अवैध रूप से प्रैक्टिस की जा रही थी। टीम द्वारा मेडिकल प्रैक्टिस के लिए लाइसेंस व आवश्यक योग्यता प्रमाण पत्र दिखाए जाने के लिए कहने पर झोलाछाप कोई कागज नहीं दिखा सका। क्लीनिक की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में दवा और उपकरण मिले। जिस पर आरोपी झोलाछाप खोकन राय के खिलाफ शहजादनगर थाने में मेडिकल एक्ट की धारा 15(2) व 15 (3) के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।