रामपुर। जिले में कोरोना संक्रमण की चपेट में आए नौ लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही रविवार को जारी की गई रिपोर्ट में जिला कारागार के 11 बंदियों समेत 115 नए संक्रमितों की पुष्टि की गई है। रविवार को 94 लोगों ने अपनी आइसोलेशन की अवधि भी पूरी की है, जिसके बाद जिले में सक्रिय मामलों की संख्या 1705 हो गई है।
मुरादाबाद के टीएमयू में भर्ती एक 55 साल की संक्रमित महिला की मौत हो गई है। इसके साथ ही सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के एक 56 साल के व्यक्ति, स्वार क्षेत्र के एक 60 साल और एक 65 साल के बुजुर्ग, टांडा क्षेत्र के एक 24 साल के युवक, कोतवाली थाना क्षेत्र के एक 62 साल के बुजुर्ग, मसवासी क्षेत्र के एक 47 साल के व्यक्ति और बिलासपुर क्षेत्र के एक निजी स्कूल कर्मचारी की भी कोरोना संक्रमण की चपेट में आकर मौत हो गई है।
इसके साथ कोतवाली थाना क्षेत्र निवासी 45 साल की एक संक्रमित महिला की भी मौत हो गई है। रविवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी की गई रिपोर्ट में 88 संक्रमितों की पुष्टि आरटी-पीसीआर जांच, 17 संक्रमितों की पुष्टि एंटीजन जांच में और निजी लैब की जांच में 10 संक्रमितों की पुष्टि की गई है। रविवार को पाए गए नए संक्रमितों में जिला कारागार के 11 बंदियों, बैंक कर्मी आदि शामिल हैं। इसके साथ ही रविवार को 94 संक्रमितों ने आइसोलेशन पूरा कर लिया है। जिले में अब तक कुल 10479 संक्रमितों की पुष्टि की जा चुकी है।