रामपुर। जर्जर तार किसानों पर बिजली गिरा रहे हैं। आए दिन तार टूटने से गेहूं की फसल राख हो रही है। विभाग का इन लाइनों को ठीक करने के लिए कोई ध्यान नहीं है। नतीजतन, विभाग की लापरवाही के चलते किसानों की महीनों की मेहनत में आग लग रही है। इसको लेकर किसान खासा परेशान हैं।
जिले की बिजली लाइनों की हालत खस्ता है। खासकर, ग्रामीण इलाकों में, जहां खेतों से होकर लाइनें गुजर रही हैं। लाइनें सालों पुरानी हो गई हैं। ऐसे में इन दिनों मुश्किलें कुछ ज्यादा ही बढ़ गई हैं। दरअसल, इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम का मिजाज कुछ ऐसा हो गया है कि गर्मी के साथ तेज हवा भी चल रही है। अक्सर इसी तेज हवा की वजह से लाइनों में फाल्ट हो जाते हैं, तो कभी ओवरलोडिंग के चलते लाइनें टूट जाती हैं। कर्मचारी लाइनों में जोड़ लगाकर ठीक कर देते हैं, लेकिन इससे समस्या दूर नहीं हो पाती। वहीं, इन दिनों किसानों खेतों में गेंहू की फसल लहलहा रही है। फसल पूरी तरह पक चुकी है। ऐसे में लाइनों में फाल्ट से चिंगारी खेतों में गिर जाती है और हवा की वजह से जरा सी चिंगारी आग का रूप ले लेती है। कई बार तो पूरे पूरे खेत राख में तब्दील हो गए हैं। हाल ही में पटवाई के सूरजपुर, शहजादनगर के ग्राम चमरौआ, सैदनगर के सींगनखेड़ा, नगलिया आकिल, धमोरा समेत जिले के अधिकांश इलाकों में आए दिन फाल्टों की वजह से किसानों की फसलें जल रही हैं। इससे किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है, लेकिन इसके बाद भी बिजली विभाग की ओर से जर्जर लाइनों को ठीक करने की दिशा में कोई कार्य नहीं किया जा रहा है।