रामपुर। भारतीय किसान यूनियन अंबावता के कार्यकर्ताओं ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर आंबेडकर पार्क पर प्रदर्शन किया। इसके बाद जुलूस की शक्ल में कलक्ट्रेट पहुंचे और आठ सूत्रीय ज्ञापन प्रशासन को सौंपा।
आंबेडकर पार्क में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष मोहम्मद सलीम वारसी ने कहा कि शासन व प्रशासन किसानों को गुमराह कर रहा है। किसानों की समस्याओं को लेकर जरा भी चिंतित नहीं है, गन्ना किसान अपने आप को ठगा महसूस कर रहे हैं। गन्ने का भुगतान नहीं हो पा रहा है। इसके बाद सभी कार्यकर्ता व पदाधिकारी आंबेडकर पार्क से जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन कर 8 सूत्रीय ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। जिसमें गन्ना भुगतान, हाईकोर्ट की बैंच मुरादाबाद मंडल में बनाए जाने, किसानों का पूर्ण कर्ज माफ किए जाने, स्वामीनाथन आयोग की सिफारिश लागू करने, किसानों को पेंशन दिए जाने आदि मांग शामिल रहीं। इस दौरान नरगिस खान, अमीर अहमद, विजयपाल, आमिर खान, कृपाल सिंह, बलराज सिंह, प्रीतम सिंह, मक्खन सिंह, अकील, अफसर अली, मुराद अली, मोहम्मद आसिम रजा, नावेद खान, रामनाथ, राम बहादुर यादव, किशनपाल, जगतार सिंह, हरमन सिंह चीमा, जगवीर सिंह, दिलबाग सिंह सेठ आदि मौजूद रहे।