रामपुर। श्री सत्य साईं सेवा समिति की ओर से ग्लोबल भजन संध्या अखंड भजन का आयोजन किया गया। जिसमें श्रद्धालुओं ने 24 घंटे तक साईं नाम का गुणगान किया। इस दौरान अखंड भजन कार्यक्रम आयोजन के उद्देश्य के बारे में भी बताया गया।
अखंड भजन का आयोजन शनिवार शाम छह बजे शुरू हुआ और रविवार शाम छह बजे तक चला। कार्यक्रम का शुभारंभ समिति के जिलाध्यक्ष एडवोकेट जितेंद्र कुमार नंदा ने दी प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण कर किया। इसके बाद भजन गायकों ने लगातार भजन गाकर श्री साईं का गुणगान किया। जिसमें मानस भज रे, गुरु चरणम, साईं तुम्हारे प्यार ने जीना सिखा दिया, मधुर मधुर राम कहो, साईं अवतारा युग अवतारा, मेरे घर के आगे साईंनाथ तेरा मंदिर बन जाए, आना ही पड़ेगा बाबा आना ही पड़ेगा आदि भजन प्रस्तुत किए। समिति के अध्यक्ष जितेंद्र नंदा ने कहा कि अखंड भजन का आयोजन विश्व में दो सौ देशों की शाखाओं में किया गया। जिसका उद्देश्य विश्व में एकता, समरसता, प्रेम व शांति की स्थापना है। कहा कि भजन ऐसा हो जो आत्मा को स्पर्श करे। समिति संयोजक धर्म सिंह ने कहा कि मनुष्य को निरंतर भजन गायन करना चाहिए। इस अवसर पर डा. अनुज भटनागर, हरसरन सक्सेना, ज्योति देवल, श्वेता, पूजा नंदा, दीपा नंदा, एसके मल्होत्रा, दिनेश कुमार, हरि सिंह, महेंद्र सिंह, जितेंद्र यादव, डा. मीनू सक्सेना, तनुश्री, सार्थक साईं आदि मौजूद रहे।