रामपुर। रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में 15 जुलाई से शुरू होने वाली परीक्षा में रामपुर जिले के 32 महाविद्यालयों के 72 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। विश्वविद्यालय द्वारा परीक्षा कार्यक्रम घोषित करने के बाद स्थानीय स्तर पर महाविद्यालयों में तैयारियां शुरू हो गई हैं।
कोरोना संक्रमण के चलते शासन ने प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों में स्नातक और स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष की परीक्षाएं रद्द कर दी थी। इन कक्षाओं में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को बिना परीक्षा के ही प्रोन्नत करने के आदेश दिए थे। रामपुर जिले में करीब 63 हजार छात्र छात्राओं को बिना परीक्षा दिए ही अगली कक्षा में प्रोन्नत होने का मौका दिया मिला है। कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम होने के बाद अब स्नातक द्वितीय और तृतीय वर्ष तथा परास्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षा कराने विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षा कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया है।