रामपुर। भारी बरसात के कारण रामपुर से टांडा को जाने वाला मार्ग प्रानपुर मार्ग कोसी नदी के कटान के कारण बदहाल हो गया है। सड़क में गहरे - गहरे गड्ढे हो गए हैं। सड़क की मरम्मत न करवाए जाने की वजह से ग्रामीणों में रोष है। सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने हजरतपुर गांव में प्रदर्शन किया।
बुधवार को जिला पंचायत सदस्य मुस्तफा हुसैन के नेतृत्व में ग्रामीण हजरतपुर में एकत्र हुए। ग्रामीणों का कहना है कि रामपुर से तोपखाना, हजरतपुर, प्रानपुर, नया गांव, सरावा, बंजरिया, सैदनगर को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग बरसात के कारण क्षतिग्रस्त हो गया है। बरसात के पानी के सड़क पर गहरे गड्ढे हो गए हैं। लालपुर पुल बंद हो जाने के कारण टांडा को जाने वाले वाहन इसी रोड से होकर गुजर रहे हैं। वाहनों का आवागमन भी ज्यादा हो रहा है। सड़क अत्यंत खराब होने की वजह से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। प्रदर्शन करने वालों में नफीस अहमद, नईम अहमद, दानिश मियां, हनीफ अहमद, इमरान पाशा, गुलफाम अहमद, अरकान अहमद, इंतेजार अली, फुरकान, नाजिम, इरशाद हुसैन आदि लोग मौजूद रहे।