रामपुर। लोकसभा चुनाव में मतदान करने का वक्त आया तो महिलाओं ने एक बार फिर कमान संभाली। सुबह से मतदान करने का सिलसिला शुरू हुआ तो शाम तक महिलाएं ही मतदान करती रहीं। नतीजा यह हुआ कि मतदान के मामले में आधी आबादी ने अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन किया। 63.89 फीसदी महिलाओं ने मतदान किया, जबकि पुरुष मतदान के मामले में महिलाओं से पीछे रहे।
लोकसभा चुनाव के मंगलवार को मतदान हुआ तो जिले के मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। सुबह से वोट डालने का सिलसिला शुरु हुआ तो शाम तक इतना वोट पड़ा कि पिछले सारे रिकार्ड ही टूट गए। इस बार हर बार से ज्यादा मतदान हुआ। 63.45 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। लेकिन, इस बार मतदान करने के मामले में महिलाओं ने सारे रिकार्ड तोड़ दिए। जिले के 16.78 लाख मतदाताओं में से 776744 महिला मतदाता थीं, जबकि 901268 पुरुष मतदाता थे। इसमें महिलाओं ने 63.89 फीसदी मतदान किया। 496283 महिलाओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जबकि, पुरुष इस मामले में काफी पीछे रहे। सिर्फ 63.08 फीसदी पुरुषों ने ही मतदान किया। 568557 पुरुषों ने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह पुरुषों के मुकाबले में महिलाओं ने 0.81 फीसदी अधिक मतदान किया। इस बाबत जिलाधिकारी आंजनेय कुमार सिंह ने बताया कि मतदान के मामले में महिलाएं हर बार से अधिक बाहर निकलीं और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। स्वस्थ लोकतंत्र के लिए अच्छा संदेश है।