कॉटशेरा कॉलेज का साइंस लैब भवन बनकर तैयार हो चुका है। जल्द ही विज्ञान के विद्यार्थियों के लिए यहां लैब खोल दी जाएगी। कॉलेज में दाखिल होने वाले नए विद्यार्थियों को इसका लाभ मिले, इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने कॉलेज प्रशासन को इसे सौंपने की कवायद शुरू कर दी है। लैब के खुलने से विद्यार्थियों को प्रैक्टिकल करने में आसानी होगी। यह लैब आधुनिक उपकरणों से लैस होगी।
लोक निर्माण विभाग के मुताबिक साइंस लैब का कार्य पूरा हो चुका है। अब लोनिवि की टीम भवन की जांच कर इसे कॉलेज प्रशासन को सौंप देगी। लैब में चार लेक्चरर हाल बनाए गए हैं। इसी भवन में प्रधानाचार्य का कार्यालय और स्टाफ रूम भी बने हैं। लैब में अग्निकांड जैसे हादसे न हो इसके लिए आपात कालीन रास्ते का भी बंदोबस्त है। भवन के हर कमरे के साथ अग्निशमन यंत्र लगे हैं।
साइंस लैब के लिए लाएंगे जरूरत का सामान
कॉलेज प्रशासन का कहना है कि साइंस लैब के लिए कॉलेज में हर तरह का फर्नीचर उपलब्ध है। साइंस लैब का कुछ सामान डिमांड आने पर खरीदा जाएगा। कॉलेज प्रशासन के पास पहले से ही बहुत फर्नीचर पड़ा है जिसका लैब में इस्तेमाल होगा।
जून में सौंप देंगे साइंस लैब भवन
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता आरके वर्मा ने कहा कि कोटशेरा कॉलेज में साइंस लैब का कार्य पूरा हो चुका है। चुनाव आचार संहिता के चलते जून माह में इस लैब को कॉलेज प्रशासन को सौंप दिया जाएगा। वहीं कॉलेज प्रधानाचार्य पवन कुमार ने कहा कि साइंस लैब नए विद्यार्थियों के लिए एक उपहार के रूप में दिया जाएगा। लैब के बनने से कॉलेज की अर्थव्यवस्था में चार चांद लगेंगे।