आनी में मंगलवार को विश्राम गृह में सिराज उत्सव (लवी मेला) आयोजन को अंतिम रूप देने के लिए विशेष बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मेला कमेटी के अध्यक्ष यूपेंद्र कांत मिश्रा ने की। उन्होंने कहा कि देव परंपरा के अनुसार देवता शमशरी महादेव के सानिध्य में तीन से पांच नवंबर तक उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा।
तीन नवंबर को देवता शमशरी महादेव, देवता पेनवीनाग, देवता कुलक्षेत्र महादेव की भव्य शोभा यात्रा निकलेगी। सांस्कृतिक दलों, स्कूली छात्रों की ओर से मेला स्वागत कार्यक्रम होगा। चार नवंबर को आनी खंड की 32 पंचायतों के महिला मंडलों की रस्साकशी, संयुक्त नाटी और रंगारंग कार्यक्रम आयोजित होंगे। पांच नवंबर को दिल्ली, उत्तरप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश के 200 पहलवान के लिए दंगल होगा। दंगल प्रतियोगिता के विजेता को आनी केसरी का प्रथम पुरस्कार दिया जाएगा। इस बारे में कमेटी की आम बैठक 17 अक्तूबर को दोपहर दो बजे विश्राम गृह आनी में होगी, जिसमें मेला कमेटी और अन्य सभी सदस्य शामिल होंगे। इस दौरान मेला कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संतोष ठाकुर, सचिव महेंद्र ठाकुर, प्रबंधक सतपाल ठाकुर, महासचिव शिवराज शर्मा, प्रवक्ता चमन शर्मा, प्रतिमा सुमन, विजय कंवर, गुड्डू देवी, भगवानदास, दलीप जोशी, चांद ठाकुर, प्रताप ठाकुर, प्रधान संजय शाह, पमी ठाकुर, गोस्वामी, दयाल, ओम प्रकाश शर्मा, उर्मिला ठाकुर आदि उपस्थित रहे।