सैदनगर। गेहूं से भरी ट्रैक्टर ट्राली को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। ग्रामीणों का आरोप है कि सरकारी गेहूं कालाबाजारी के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस ने गेहूं को कब्जे में ले लिया है। पूर्ति विभाग ने भी इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
सदर तहसील के रतनपुरा शुमाली गांव में नबी अहमद अपनी ट्रैक्टर ट्राली से गेहूं बेचने जा रहा था। ग्रामीणों ने उसके गेहूं को यह कहकर पकड़वा दिया कि यह गेहूं सरकारी गेहूं हैं। ग्रामीणों ने डायल 100 को इस मामले की सूचना दी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को अपने कब्जे में कर लिया और फिर खौद पुलिस के सुपुर्द कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि यह सरकारी गेहूं है और राशन विक्रेता बाजार में राशन को बेचने ले जा रहा था। इस मामले की शिकायत एसडीएम व प्रभारी डीएसओ से की। सूचना मिलने के बाद पूर्ति निरीक्षक भी मौके पर पहुंच गए और फिर गांव पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल गेहूं को खौद चौकी प्रभारी संजीव बालियान ने अजीमनगर थाने को भेज दिया। पूर्ति विभाग की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।