स्कूल की कैंटीन में बिकता मिला तंबाकू
रामपुर। स्कूली बच्चों को अब स्कूलों में ही नशे का आदी बनाया जा रहा है। इसी तरह का मामला प्रकाश में आया है। ग्रीनवुड सीनियर सेकेंडरी स्कूल की कैंटीन में तंबाकू बिकता हुआ मिला,जिस पर कैंटीन पर जुर्माना भी वसूला गया। इस दौरान स्कूलों की कैंटीन में बिकने वाले खाद्य पदार्थों के भी सैंपल भरे गए। इस कार्रवाई में हड़कंप मच गया।
स्कूलों की कैंटीन में बच्चों को कैसा खाद्य पदार्थ दिया जाता है और स्कूलों में कहीं बच्चों को तंबाकू उत्पाद तो नहीं बेचे जा रहे हैं। इसी को लेकर तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ के साथ ही खाद्य विभाग की टीम ने नगर मजिस्ट्रेट ओमप्रकाश के नेतृत्व में स्कूलों में छापेमारी की। इस दौरान टीम ने स्कूलों में चल रही कैंटीन में बनाए जाने वाले खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग भी कराई गई। टीम ने इस दौरान दयावती मोदी अकादमी, सेंट मेरीज सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ग्रीनवुड सीनियर स्कूल की कैंटीन को चेक किया। खाद्य विभाग की टीम ने स्कूलों में बेचे जाने वाले समोसा समेत अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे। इस कार्रवाई से खलबली मची रही। टीम ने ग्रीनवुड स्कूल की कैंटीन में छापा मारा तो यहां अफसर भी हैरत में आ गए। यहां की कैंटीन में तंबाकू उत्पाद बिकते हुए पाए गए,जिस पर टीम ने कैंटीन संचालक से नाराजगी जाहिर की। साथ ही सामान जब्त कर लिया। टीम ने कैंटीन संचालक पर जुर्माना भी डाला गया है। सिटी मजिसस्ट्रेट ने बताया कि स्कूलों की चेकिंग कराई गई थी,जिसमें कैंटीन में साफ सफाई की कमी पाई गई। इस पर भी कार्रवाई होगी। इसके साथ ही तंबाकू उत्पाद बेचने पर भी कार्रवाई हो रही है। इस दौरान प्रकोष्ठ के जिला सलाहकार डा.शहजाद हसन, रिजवान मोहम्मद खां, एफएसओ संदीप सिंह मौजूद रहे।