रामपुर। जिले में कोरोना संक्रमण का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। गुरुवार को 57 नए संक्रमितों की पुष्टि की गई है। 10 लोगों ने आइसोलेशन की अवधि पूर्ण कर ली है। जिसके बाद जिले में कुल सक्रिय संक्रमितों की संख्या 199 हो गई है। गुरुवार को एक दिन में 57 संक्रमितों की पुष्टि इस साल एक दिन में सामने आने वाले सबसे अधिक संक्रमितों का आंकड़ा है।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर अब जिले में भी असर दिखा रही है। जिले में अब कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। प्रशासन द्वारा लगातार लोगों से कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए मास्क के प्रयोग और दो गज की दूरी बनाने की अपील की जा रही है। मास्क लगाने को लेकर लगातार चेकिंग अभियान चलाकर चालान भी किए जा रहे हैं। बुधवार को जहां जिले में 15 नए संक्रमितों की पुष्टि के साथ एक संक्रमित की मौत की पुष्टि की गई थी। वहीं, गुरुवार को एक साथ 57 नए संक्रमितों के सामने आने से हड़कंप मच गया है। गुरुवार को जारी की गई रिपोर्ट में आरटीपीसीआर जांच में 40 नए संक्रमितों की पुष्टि की गई है जबकि एंटीजन जांच में 11 और निजी लैब द्वारा छह लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि की गई है। इसके साथ ही 10 लोगों ने आइसोलेशन की अवधि को पूरा कर लिया है। इस रिपोर्ट के बाद जिले में अब तक कुल संक्रमितों की संख्या 5797 हो गई है जबकि इनमें से 59 संक्रमितों की अब तक मौत हो चुकी है। गुरुवार को जिले में सक्रिय कोरोना मरीजों की संख्या 199 हो गई है।