रामपुर। बेहतर भविष्य और कॅरियर में उड़ान भरने के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए जिले के विभिन्न हिस्सों से आए 556 छात्र-छात्राओं ने अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से संचालित अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा दी। रविवार को आयोजित परीक्षा में 9वीं से 12वीं कक्षा के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। शहर में हादी एकेडमी में इस परीक्षा का आयोजन किया गया।
सुबह से ही विद्यार्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। सुबह दस बजे से परीक्षार्थियों को कॉलेज के अंदर प्रवेश दिया जाने लगा। परीक्षा कक्ष के अंदर मोबाइल अथवा बैग प्रतिबंधित रहे। 11 बजे परीक्षा शुरू हो गई। एक घंटे की इस परीक्षा में छात्र-छात्राओं से गणित, सामान्य ज्ञान, रीजनिंग, हिंदी आदि विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे गए। जिनके जवाबों को छात्र-छात्राओं ने ओएमआर शीट पर भरा। परीक्षा छूटने के बाद छात्र-छात्राएं काफी खुश नजर आए। उन्होंने परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों को आसान बताया। कहा कि तैयारी के हिसाब से परीक्षा में अच्छे प्रश्न पूछे गए हैं। इस बार छात्रवृत्ति मिलने की पूरी उम्मीद है।
सकुशल परीक्षा कराने में इन्होंने निभाई भूमिका
हादी एकेडमी के एडमिनिस्ट्रेटर मुकर्रब के निर्देशन में आयशा, सबहात, तमन्ना, महक, अदीबा, सेहर, हबीबा, तायेबा, खदीजा, इफा, हलीमा आदि ने परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने में अहम योगदान दिया। परीक्षा में पुलिस-प्रशासन का भी सहयोग रहा।
बोले विद्यार्थी
परीक्षा पास करने के बाद मिलने वाली छात्रवृत्ति से आगे की पढ़ाई की राह और आसान होगी। इस तरह की परीक्षा समय-समय पर होती रहनी चाहिए।
दिलप्रीत, कक्षा 11
परीक्षा के लिए काफी समय से तैयारी कर रही थी। पेपर ठीक था। छात्रवृत्ति मिलने की पूरी उम्मीद है।
-जिया, कक्षा नौ
परीक्षा के लिए पहले से तैयारी की थी। पेपर भी ठीक हुआ है। छात्रवृत्ति मिली तो कॅरियर को उड़ान मिलेगी। साथ ही आगे की पढ़ाई आसान हो जाएगी।
अतुल, कक्षा 10
-
मीना से परीक्षा की तैयारी कर रहा था। प्रश्न भी आसान पूछे गए थे। उम्मीद है छात्रवृत्ति मिलेगी।
- यश लोधी, कक्षा 12
पेपर में हिंदी और रीजनिंग से अच्छे सवाल पूछे गए थे। इनको हल करने में मुश्किल नहीं हुई।
राधिका सिंह, कक्षा 12
पेपर में सारे प्रश्नों को हल किया है। इसलिए छात्रवृत्ति मिलने की पूरी उम्मीद है।
भावना सिंह, कक्षा 10
-
दिव्यांग ने भी दी परीक्षा
शाहबाद के भुरासी गांव के 12वीं में पढ़ने वाले दिव्यांग प्रमोद ने भी यह परीक्षा दी। परीक्षा संपन्न होने के बाद उन्होंने बताया कि छात्रवृत्ति मिलती है तो आगे की पढ़ाई में मदद होगी। वह प्रशासनिक सेवा में जाना चाहते हैं।
-
अमर उजाला फाउंडेशन की यह पहल निश्चित तौर पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए उपयोगी होगी। इससे बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होगी। उनका आत्म विश्वास बढ़ेगा, जो भविष्य में उनके सपनों को साकार करने में मददगार साबित होगा।
मुकर्रब, एडमिनिस्ट्रेटर, हादी एकेडमी।