रामपुर। कोरोना संक्रमण के सर्वाधिक मामले मंगलवार को सामने आए हैं। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से 56 नए कोरोना संक्रमितों की पुष्टि की गई है, जो कि अब तक का एक दिन का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इनमें 53 लोगों में एसजीपीजीआई लखनऊ लैब को भेजे गए सैंपल में कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आई है जबकि तीन में जिला अस्पताल की ट्रूनेट मशीन की जांच पुष्टि की गई है।
सीएमओ डॉ. सुबोध कुमार शर्मा ने बताया कि 15 जुलाई को भेजे गए 429 सैंपल की रिपोर्ट प्राप्त हुई है। इनमें से 14 सैंपल दोबारा भेजे जाएंगे। इन रिपोर्ट में 53 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि की गई है। इसके साथ ही जिला अस्पताल की ट्रूनेट मशीन की जांच में भी तीन लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि की गई है। इसके साथ ही पांच लोगों को दस दिन की आइसोलेशन अवधि पूरी करने पर डिस्चार्ज भी किया गया है। जिले में कुल संक्रमितों का आंकड़ा अब 185 हो गया है जबकि जिले में अब तक कुल 617 संक्रमित सामने आ चुके हैं। इनमें से 14 संक्रमितों की मौत भी हुई है और 420 संक्रमित अब तक रिकवर प्रोटोकॉल के अनुसार डिस्चार्ज किए जा चुके हैं।