रामपुर। ग्रामीण स्वच्छता सर्वेक्षण में गांवों की तस्वीर बदलने की कवायद शुरू हो गई है। जहां एक ओर गांवों के खड़ंजे-नाली की मरम्मत की जा रही है तो वहीं दूसरी और ग्रामीणों को स्वच्छता के लिए जागरूक भी किया जा रहा है। एक-दो सफाई कर्मी नहीं बल्कि पूरी न्याय पंचायत के सफाई कर्मचारी एक साथ टोली बनाकर निर्धारित क्रम के अनुसार सफाई कर रहे हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में 1 अगस्त से 31 अगस्त तक सर्वेक्षण कार्य चलेगा। सर्वेक्षण में स्वच्छता के अलग-अलग मानकों पर खरे उतरने वाले श्रेष्ठ जनपदों का चयन किया जाएगा। सर्वेक्षण में भले ही किसी गांव को पुरस्कार मिले या न मिले लेकिन सर्वेक्षण के बहाने गांवों की तस्वीर बदलनी शुरू हो गई है। गांवों में स्वच्छता से लेकर मार्गों और जलनिकासी की समस्या को प्रमुखता से हल किया जा रहा है। जिला पंचायत राज अधिकारी डा. शरनजीत कौर ने बताया कि गांवों में स्वच्छता के लिए अब दस से बारह सफाई कर्मियों की टोली बनाकर एक साथ सफाई कराई जा रही है। टूटे खड़ंजे और नालियों की मरम्मत कर जलनिकासी के इंतजाम भी किए जा रहे हैं। इसके साथ ही ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस क्रम में स्कूली बच्चों भी जागरूकता रैली निकालेंगे।