सिपाही पर लगा छात्रा से छेड़खानी कर वीडियो बनाने का आरोप
रामपुर/पटवाई।
डायल 100 में तैनात सिपाही पर एक छात्रा के संग छेड़खानी कर उसका वीडियो बनाने का आरोप लगा है। आरोप लगाने वाले छात्रा के भाई का कहना है कि विरोध करने पर सिपाही ने उसकी पिटाई कर दी। मामले की तहरीर पुलिस को दी है। सीओ ने आरोपी सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया है।
डायल 100 में तैनात सिपाही द्वारा छेड़खानी करने का यह मामला पटवाई थाना क्षेत्र का है। पटवाई के एक गांव निवासी युवक का आरोप है कि उसकी चचेरी बहन उसकी दुकान पर बैठी हुई थी। इस बीच डायल 100 में तैनात एक सिपाही यहां पहुंचा और उसके साथ छेड़खानी करने लगा साथ ही उसका वीडियो बनाने लगा। इसका विरोध करने पर सिपाही ने उसकी पिटाई कर दी। इस बीच चौराहे पर भीड़ जमा हो गई। लोगों ने किसी तरह मामला शांत कराया। मामले की शिकायत पटवाई पुलिस से की गई। साथ ही पुलिस ने मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। बाद में सीओ नरेंद्र पाल सिंह ने आरोपी सिपाही को लाइन हाजिर करने के आदेश कर दिए हैं। सीओ का कहना है कि छेड़खानी के आरोप गलत हैं। मारपीट करने के आरोप में सिपाही को लाईन हाजिर कर दिया गया है।