ज्यूरी (रामपुर बुशहर)
ज्यूरी-सराहन सड़क पिछले छह महीने से बंद है। इससे सराहन, शाहधार, किन्नू, ज्यूरी और बधाल पंचायतों के लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। इस बार यह सड़क चुनावी मुद्दा बन सकता है। यह सड़क इस साल पांच मई को पुल की फाउंडेशन बनाते हुए गिरने से बंद पड़ी है। सेब सीजन में सड़क बंद होने के कारण बागवानों को अधिक नुकसान हुआ। उन्हें अधिक भाड़ा दे कर सेब मंडियों तक पहुंचना पड़ा।
सराहन एक पर्यटन स्थल है, जहां अधिक पर्यटक आते हैं। मुख्य सड़क बंद होने से पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों को काफी नुकसान हुआ है। छह महीने से मुख्य सड़क के बंद होने से मां भीमाकाली मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या काफी घटी है। इस सड़क के बंद होने से स्कूली छात्रों को काफी परेशानी हो रही है। वैकल्पिक सड़क कच्छी होने से गाड़ियों को नुकसान हो रहा है, जिससे सराहन के लिए बसें भी बंद हैं। लोगों को कई गुना ज्यादा किराया देकर टैक्सियों में सराहन पहुंचना पड़ रहा है। सराहन में सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मंदिर, सब तहसील, आईपीएच, बिजली बोर्ड, पीडब्ल्यूडी, वन विभाग आदि कार्यालय हैं। यहां पर लोगों का अधिक आना-जाना लगा रहता है।
बहाली के लिए सरकार गंभीर नहीं
क्षेत्र के राजेश कुमार, सोहन लाल, कृष्ण लाल, रूप सिंह, हरदयाल, वरुण, ज्योति प्रकाश, आलम सिंह, गोकुल राम, दिवान सिंह, महेंद्र सिंह, शिव लाल, बबली, शशिकला, सुमन, सुरेखा देवी, पूनम, कृष्णा देवी, प्रेम देवी, पुष्पा और अनु लाल का कहना है कि इस सड़क को खुलवाने में सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही है। खाद्य व निर्माण सामग्री ले जाने में दिक्कत हो रही है। पर्यटकों की संख्या कम होने से सभी व्यापारियों का धंधा मंदा पड़ा हुआ है। बच्चों को पैदल सफर कर स्कूल जाना पड़ रहा है।
पुल निर्माण जल्द होगा : किशोरी
लोक निर्माण विभाग सराहन के एसडीओ किशोरी लाल सुमन का कहना है कि पुल का निर्माण जल्द होगा। उन्होंने कहा कि वैकल्पिक सड़क को पक्का करवाने के लिए टेंडर लगाया जाएगा। सराहन की मुख्य सड़क ठीक की जाएगी।
छोटी बस होगी शुरू : जगरनाथ
एचआरटीसी रामपुर के आरएम जगरनाथ का कहना है कि सराहन की वैकल्पिक सड़क छोटी गाड़ियों के लिए ही पास है, वहां से बड़ी बसें नहीं भेजी जा सकती हैं। ऐसे में सराहन को बसें नही जा रही हैं। बंद सड़क से ऊपर सोमवार से जनता की मांग पर एक छोटी बस शुरू की जाएगी।