रामपुर। जिले में 50 आंबेडकर पार्कों का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक पार्क पर 10 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। समाज कल्याण विभाग की ओर से योजना को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पार्कों में प्रकाश व्यवस्था, बैठने के लिए बेंच और जरूरत के अनुसार अन्य विकास कार्य कराए जाएंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित कई आंबेडकर पार्कों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। कहीं रोशनी की व्यवस्था नहीं है, तो कहीं लोगों के बैठने के लिए बेंच तक नहीं हैं। देखरेख की कमी के कारण भी पार्कों की स्थिति खराब हो रही है। ऐसे में इनके सौंदर्यीकरण से स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
योजना के तहत बिलासपुर, स्वार-टांडा, मिलक-शाहबाद, चमरौआ और सदर विधानसभा क्षेत्रों में पार्कों का चयन किया जाएगा। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 10 पार्कों का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। इस तरह जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 50 पार्क विकसित होंगे। प्रत्येक पार्क पर 10 लाख रुपये खर्च होने से योजना की कुल लागत पांच करोड़ रुपये रहेगी।
पार्कों में लाइटें लगाने के साथ बैठने के लिए बेंच और जरूरत के अनुसार अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और पार्कों का स्वरूप भी निखरेगा। समाज कल्याण विभाग की ओर से योजना को आगे बढ़ाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
0000
जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में 50 आंबेडकर पार्कों के सौंदर्यीकरण की योजना है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 10 पार्कों को शामिल किया जाएगा। हर पार्क पर 10 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। पार्कों में प्रकाश व्यवस्था, बैठने के लिए बेंच और जरूरत के अनुसार अन्य विकास कार्य कराए जाएंगे। इसके लिए विभागीय स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। -सूरज कुमारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी