स्वार। वन विभाग की टीम ने मंगलवार की देर शाम संदिग्ध ट्रक का पंजाब तक पीछा करके लगभग 450 क्विंटल खैर की लकड़ी बरामद की है। मौके से एक ट्रक और दो मोटरसाइकिलें भी कब्जे में ली गईं। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि दो अन्य की तलाश की जा रही है।
वन रेंजर ठाकुर विजय कुमार ने बताया कि 17 फरवरी को वन विभाग की टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रक खैर की लकड़ी लेकर गदरपुर मार्ग की ओर जा रहा है। सूचना मिलने पर टीम गठित की गई और तत्काल ही ट्रक का पीछा किया। ट्रक तेज गति से रामपुर सीमा पार कर पंजाब सीमा की ओर निकल गया। बताया कि टीम ने लगातार पीछा करते हुए शाम लगभग साढ़े छह बजे ट्रक को पंजाब सीमा क्षेत्र के शंभू रखपुरा स्थित एक गोदाम में घेर लिया।
इस दौरान ट्रक से दो लोगों दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम राशीद पुत्र भोला शाह निवासी कनौरा, बाजपुर (ऊधमसिंह नगर) और नबी जान पुत्र डॉ. नूरहसन निवासी अब्दुल्लागंज, जिला बदायूं बताया। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि ट्रक में भरी लकड़ी प्रतिबंधित खैर की है, जिसे विभिन्न स्थानों से चोरी कर लाया गया है।
गोदाम के पास पहले से खैर लकड़ी का ढेर भी पाया गया। मौके पर बिना नंबर व चेसिस नंबर की दो मोटरसाइकिलें भी खड़ी मिलीं। आरोपियों ने बताया कि इन मोटरसाइकिलों का उपयोग निगरानी के लिए किया जाता था। आरोपियों के खिलाफ वन अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। रेंजर ने बताया कि बरामद लकड़ी की कीमत लगभग एक करोड़ आंकी जा रही है।
रेंजर ने पकड़े गए दोनों आरोपियों से जब पूछताछ की तो उन्होंने निगरानी करने वालों में शामिल दो अन्य व्यक्तियों के नाम इस्मायली पुत्र फरजंद तथा आसिम पुत्र मोहम्मद अहमद निवासीगण लगड़ाभीड़, मुकुंदपुर थाना आईटीआई, ऊधमसिंह नगर बताए गए हैं। रेंजर ने बताया कि दोनों को वन विभाग की टीम तलाश कर रही है।