रामपुर। लोकसभा चुनाव में खर्च करने के मामले में कांग्रेस प्रत्याशी संजय कपूर सबसे आगे हैं। वह अब 14 लाख से अधिक खर्च कर चुके हैं, जबकि सपा प्रत्याशी आजम खां ने करीब साढ़े बारह लाख रुपये खर्च किए हैं। भाजपा प्रत्याशी जयाप्रदा नाहटा अब तक बारह लाख रुपये खर्च कर चुकी हैं।
रामपुर में लोकसभा चुनाव तीसरे चरण में होंगे। यहां 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। लिहाजा, सियासी दलों ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। इस बार चुनाव आयोग ने प्रत्याशी के लिए खर्च की सीमा 70 लाख रुपये निर्धारित कर दी है। इसके तहत यदि प्रत्याशी के खर्च की बात की जाए तो यहां खर्च के मामले में सबसे आगे कांग्रेस प्रत्याशी संजय कपूर हैं। बारह अप्रैल तक संजय कपूर 14.34 लाख रुपये खर्च कर चुके हैं। वहीं, दूसरे नंबर पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आजम खां हैं, जिन्होंने अब तक 12.60 लाख रुपये खर्च किए हैं। सबसे कम भाजपा प्रत्याशी जयाप्रदा ने खर्च किया है। उन्होंने अब तक बारह लाख रुपये ही खर्च किए हैं। वरिष्ठ कोषाधिकारी लक्ष्मी कांत ने बताया कि प्रत्याशियों के खर्च की लगातार समीक्षा की जा रही हैं। तीन ही प्रत्याशी मुख्य हैं जबकि, अन्य दलों के प्रत्याशी ने 25 से 30 हजार रुपये ही खर्च किए हैं।