रामपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शनिवार को सामूहिक विवाह का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए शुक्रवार शाम तक 380 आवेदन प्राप्त हो गए थे। जिससे संभावना है कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम में करीब साढ़े तीन सौ जोड़ों का विवाह कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 9 फरवरी को प्रदेश भर के सभी जिलों में एक साथ सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित कराने के आदेश दिए थे। जिसमें प्रत्येक जिले को कम से कम डेढ़ सौ जोड़ों का विवाह कराने का लक्ष्य दिया गया था। दिसंबर माह में ही जिले में सामूहिक विवाह का आयोजन कर ढाई सौ से अधिक जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया गया था। इसके बाद जनवरी माह में एक बार फिर करीब एक माह के अंतर पर ही डेढ़ सौ जोड़ों का विवाह कराने के आदेश के बाद प्रशासन एक्टिव हो गया। जिसके बाद जनपद में शनिवार को होने वाले सामूहिक विवाह के लिए 380 जोड़ों के आवेदन प्राप्त हो गए थे। जिसमें सर्वाधिक आवेदन स्वार क्षेत्र से आए हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी शैलेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख रहेंगे। सामूहिक विवाह के लिए 380 आवेदन प्राप्त हुए हैं।