रामपुर बुशहर।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दत्तनगर में शुक्रवार को चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस प्रतियोगिता संपन्न हुई। इसमें पीजी कॉलेज रामपुर के प्राचार्य पीसी कश्यप बतौर मुख्यातिथि, उप प्राचार्य डॉ. जीआर नेगी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। खंड समन्वयक खेम चंद चौहान ने बताया इस प्रतियोगिता में रामपुर, ननखड़ी, कुमारसैन एवं सराहन खंड के 59 स्कूलों से 340 बाल वैज्ञानिकों ने हिस्सा लिया। डीएवी दत्तनगर ओवरआल चैंपियन रहा।
चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस स्पर्धा के मॉडल प्रतियोगिता में इशिता जोकटा पहले, शारू चौहान दूसरे तथा महेश तीसरे स्थान पर रहे। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में तरूण शर्मा ने पहला और आदित्य मेहता ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। गणित ओलंपियाड के वरिष्ठ वर्ग में डीएवी दत्तनगर के मुकेश ने पहला और इसी स्कूल के रोहित ने दूसरा व तकलेच स्कूल के कुबेश कायथ ने तीसरा स्थान हासिल किया। सीनियर वर्ग में डीएवी दत्तनगर के यश अग्रवाल ने पहला, मुनीष स्कूल के अभय चौहान ने दूसरा तथा धारगौरा स्कूल के अभिजीत ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। कनिष्ठ वर्ग में भी डीएवी स्कूल दत्तनगर के आदित्य ने पहले, अमर वर्मा ने दूसरे तथा आयुष ने तीसरे स्थान पर बाजी मारी। ग्रामीण प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में डीएवी पब्लिक स्कूल दत्तनगर पहले, भड़ावली स्कूल दूसरे और मेलन स्कूल तीसरे स्थान पर रहा। शहरी कनिष्ठ वर्ग में स्प्रिंग डेल स्कूल ने पहला, कन्या स्कूल रामपुर ने दूसरा और कुमारसैन स्कूल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस दौरान दत्तनगर स्कूल के प्रधानाचार्य कृष्ण नेगी, जिला विज्ञान पर्यवेक्षक ठाकुर सैन बिष्ट, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल के प्रधानाचार्य प्रवीण गुप्ता, मुख्य स्रोत व्यक्ति हरनाम धर्मा, प्रदीप कुमार, प्रभात परमार, जगदेव शर्मा, शिखा शर्मा सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।