मेरे और पिता पर भड़ास निकाल लें, जौहर विवि पर राजनीति न करें: अब्दुल्ला
रामपुर। स्वार से विधायक और जौहर विश्वविद्यालय के सीईओ अब्दुल्ला आजम ने कहा है कि विश्वविद्यालय को स्टेट मेडिकल कौसिंल ने बी फार्मा की 60 सीटें दी हैं, इससे इलाके के युवाओं को इस क्षेत्र में पढ़ाई का मौका मिलेगा। उन्होंने राजनीतिक विरोधियों से कहा है कि मेरा सभी से अनुरोध है कि विवि पर राजनीति न करें, यह शिक्षा का मंदिर सबके लिए है, चाहे मेरे और मेरे पिता पर जितनी भड़ास निकालते रहें।
अब्दुल्ला आजम ने एक बयान में कहा कि रामपुर में जौहर विश्वविद्यालय को दुनिया का नायब विवि बनाने के लिए पूरी कोशिश की जा रही है। यहां मेडिकल कालेज भी खोला है। मेडिकल कालेज में गरीबों का इलाज भी हो रहा है। ग्रामीण इलाके के लोगों को रोजाना इसका फायदा मिल रहा है। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार जौहर विवि कार्य कर रहा है। उन्होंने अपने राजनीतिक विरोधियों से कहा है कि वे विवि पर राजनीति न करें, चाहे तो मेरे और पिता आजम खां के ऊपर कितने ही हमले बोलते रहें। शिक्षा सबके लिए जरूरी है, इसका सभी ध्यान रखेंगे तो किसी का अहित नहीं होगा।