रामपुर। जिले में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के दृष्टिगत सुरक्षात्मक उपायों के अन्तर्गत मास्क का प्रयोग न करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। शुक्रवार को शहर में मास्क न लगाने वालों से 39750 रुपये जुर्माना वसूला गया।
कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। यहां हर रोज तमाम नए मामले सामने आ रहे हैं। बावजूद इसके लोग कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन नहीं कर रहे हैं। ऐसे में अब जिला प्रशासन की ओर से सख्ती कर दी गई है। शुक्रवार को जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ के निर्देशानुसार नगर मजिस्ट्रेट, उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, थाना प्रभारी और अधिशासी अधिकारियों द्वारा भ्रमणशील रहकर सार्वजनिक स्थलों पर मास्क का प्रयोग न करने वालों पर 39750 रुपये का जुर्माना लगाया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजीव यादव ने बताया कि जनपद में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के कारण कंटेनमेंट जोनों की संख्या भी लगातार बढ़ती जा रही है। संक्रमण से बचाव के लिए सभी को अपनी सामूहिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए कोविड के दृष्टिगत जारी गाइडलाइन का सख्ती से पालन करना होगा।