चौपाल में पुलीस द्धारा पकड़ी गई देवदार के स्लीपरों से भरी गाड़ी
- फोटो : RAMPUR-HP
चौपाल (रोहडू़)। चौपाल पुलिस ने नाके के दौरान कुफ्टू-लिहाट मार्ग पर जीप से 38 देवदार के स्लीपर बरामद किए हैं। आरोपी गाड़ी को छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने कुफ्टू-लिहाट मार्ग पर नाका लगाया था। इस दौरान लिहाट की ओर से आ रही जीप को चेकिंग के लिए रोका तो चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और वह उसे आगे लेकर भाग गया।
इसके बाद वह गाड़ी को कुफ्टू-लिहाट मार्ग पर खड़ी करके मौका से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार चालक के साथ दो अन्य लोग भी शामिल थे। वे भी मौके पर से फरार हो गए हैं। पुलिस ने जब जीप की तलाशी ली तो उसमें से देवदार के 38 स्लीपर बरामद किए है। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर लकड़ी और गाड़ी दोनों को कब्जे में ले लिया है।
डीएसपी चौपाल राजकुमार ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 379, 34 और 41, 42 फॉरेस्ट एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गाड़ी और स्लीपर को कब्जे में ले लिया है। आरोपियों की तलाश जारी है।