रामपुर। पुलिस भर्ती की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब प्रशिक्षण की बारी है। पुलिस लाइन में 359 रिक्रूट का प्रशिक्षण शुरू हो रहा है। इसके लिए मंगलवार को रिक्रूट पहुंचने शुरू हो गए। डीआईजी और एसपी ने पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पहले चरण में जेटीसी का प्रशिक्षण होगा।
पुलिस भर्ती की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी दिए जा चुके हैं। अब प्रदेश के सभी जिलों में चयनित रिक्रूट का प्रशिक्षण शुरू हो रहा है। रामपुर में प्रशिक्षण के लिए 359 का आवंटन किया गया है। यहां पर मुजफ्फरनगर से 202 पुरूष शामली से 85 पुरूष एवं जनपद सहारनपुर से 72 महिला रिक्रूट आरक्षी प्रशिक्षण हासिल करेंगे। एसपीविद्या सागर के मुताबिक कुल 359 रिक्रूट आरक्षी जेटीसी का प्रशिक्षण हासिल करेंगे। प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए रिक्रूट का आना शुरू हो गया है।
डीआईजी मुनिराज जी पुलिस लाइन पहुंचे, जहां उन्होंने प्रशिक्षण से संबंधित आवासीय, भोजन एवं अन्य समस्त व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा नवनियुक्त आरक्षियों से बातचीत कर उनको बधाई दी । प्रशिक्षण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसपी विद्या सागर मिश्र ने सुबह के वक्त यहां काफी देर तक निरीक्षण किया था। इस मौके एएसपी अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि जेटीसी का प्रशिक्षण एक माह तक चलेगा।