रामपुर। गांव के विकास कार्यों को अब इनाम की कसौटी पर परखा जाएगा। मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिले की 127 ग्राम पंचायतों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। प्रथम स्थान हासिल करने वाली पंचायत को 35 लाख रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
पंचायतों के विकास कार्यों का मूल्यांकन नौ श्रेणियों में किया जाएगा। गरीबी मुक्त गांव, स्वस्थ गांव, बाल मैत्री गांव, पर्याप्त जलयुक्त गांव, स्वच्छ एवं हरित गांव, आत्मनिर्भर एवं बुनियादी ढांचे वाला गांव, सामाजिक रूप से सुरक्षित गांव और महिला हितैषी गांव के लिए 10-10 अंक निर्धारित हैं। वहीं सुशासन वाले गांव के लिए सर्वाधिक 20 अंक रखे गए हैं। पंचायतों को इन सभी मानकों पर किए गए कार्यों के आधार पर अंक दिए जाएंगे। इसके बाद कुल प्राप्त अंकों के आधार पर उत्कृष्ट पंचायतों का चयन होगा। योजना का उद्देश्य ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के साथ बेहतर प्रशासन, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल हितों और सामाजिक सुरक्षा को बढ़ावा देना है। जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि पूर्व में पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार हासिल कर चुकी ग्राम पंचायतें भी इस बार आवेदन कर सकती हैं। अब आवेदनों के बाद निर्धारित मानकों के अनुसार पंचायतों का मूल्यांकन किया जाएगा।
-
टॉप पांच पंचायतों को मिलेगी इतनी राशि
स्थान- राशि
प्रथम- 35 लाख रुपये
द्वितीय- 30 लाख रुपये
तृतीय- 20 लाख रुपये
चतुर्थ- 15 लाख रुपये
पांचवां- 10 लाख रुपये
-
मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए जिले की 127 ग्राम पंचायतों ने आवेदन किया है। पंचायतों का निर्धारित नौ श्रेणियों में मूल्यांकन होगा। कुल प्राप्त अंकों के आधार पर उत्कृष्ट पंचायतों का चयन किया जाएगा। पहले पुरस्कार प्राप्त कर चुकी पंचायतें भी इस बार आवेदन कर सकती हैं।
- नत्थू लाल गंगवार, डीपीआरओ
-