रामपुर। रामपुर पुलिस के 3188 कर्मियों ने अपनी संपत्तियों का ब्योरा घोषित करते हुए इसे मानव संपदा पोर्टल पर अपलोड किया है। सरकार ने पहले 31 अगस्त तक ब्योरा देने को कहा था, लेकिन बाद में कर्मियों को इस माह के अंत तक का वक्त दे दिया है।
यूपी सरकार ने सभी राज्य कर्मियों से अपनी संपत्तियों का ब्योरा देने को कहा है। इसके लिए पहले 31 अगस्त तक की अवधि दी गई थी। शासन ने 31 अगस्त तक संपत्तियों का ब्योरा न देने वाले कर्मियों का अगस्त माह का वेतन रोके जाने के आदेश दिए थे, जिसके बाद खलबली मच गई थी। शासन के आदेश के बाद भी रामपुर के करीब 12 हजार से ज्यादा राज्य कर्मियों में से केवल 37 विभागों के 837 कर्मियों ने ही अपनी संपत्तियों का ब्योरा दिया था, जिसके बाद शेष कर्मियों के वेतन रोके जाने की कवायद शुरू की गई थी, लेकिन बाद में शासन ने संपत्तियों का ब्योरा देने के लिए एक माह का समय और दे दिया है। अब 30 सितंबर तक सभी कर्मियों को अपनी संपत्तियों का ब्योरा मानव संपदा पोर्टल पर दर्ज करना होगा। इसी क्रम में रामपुर पुलिस ने अपनी संपत्तियों का ब्योरा अपलोड कर दिया है। पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्र एवं नोडल अधिकारी एएसपी अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि रामपुर के समस्त थाना, कार्यालयों में नियुक्त समूह ग के कुल 3113 एवं समूह घ के कुल 75 कर्मियों द्वारा चल-अचल सम्पत्ति का विवरण निर्धारित समय में भरने की कार्यवाही पूर्ण की गई है। बताया कि इस तरह कुल 3188 पुलिस कर्मियों ने अपनी संपत्तियों का ब्योरा मानव संपदा पोर्टल पर दर्ज कर दिया गया है।
-