शैक्षिक उन्नयन के लिए कार्य करें शिक्षक: बलदेव
रामपुर।
अल्पसंख्यक कल्याण एवं सिंचाई राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने कहा कि शिक्षकों का दायित्व है कि वे शैक्षिक उन्नयन के लिए कार्य करें। बच्चों को अच्छी शिक्षा देकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाएं। वह जिला सहकारी बैंक सभागार में आयोजित शैक्षिक संगोष्ठी और सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान समारोह में बोल रहे थे।
उन्होंने प्रदेश सरकार की ओर से प्राथमिक शिक्षा के स्तर को उठाने के लिए किए जा रहे कार्यों के बारे में बताया। कहा कि जल्द ही सभी प्राथमिक विद्यालयों में फर्नीचर की व्यवस्था होगी। सुविधाओं और संसाधनों के लिहाज से कोई कमी नहीं रहेगी। आवश्यकता इस बात की है कि शिक्षक पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने कर्तव्य का निर्वहन करें। भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री सूर्य प्रकाश पाल ने भी शिक्षकों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रोत्साहित किया। इस दौरान सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं विभिन्न अन्य सेवाओं में चयनित शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षाधिकारी सर्वदानंद, खंड शिक्षाधिकारी विजय वीरेंद्र सिंह, मोहम्मद सलीम, चरन सिंह, शकुन्तला लोधी, डॉ. राजवीर सिंह, आनंद प्रकाश गुप्ता, प्रसन्न प्रकाश, सुशील कुमार, डॉ. सरफराज अहमद, रवेन्द्र गंगवार, सत्यपाल सिंह, अशोक चौधरी, अलका कुमारी, सौरभ शर्मा आदि उपस्थित रहे।