उपमंडलाधिकारी रामपुर डॉ. निपुण जिंदल ने शुक्रवार को एसडीएम कार्यालय में अंतर्राष्ट्रीय लवी मेले की तैयारियों को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की। उन्होंने बैठक की अध्यक्षता की। कहा कि लवी मेला 11 से 14 नवंबर तक धूमधाम से मनाया जाएगा। मेले के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मेले के लिए पुलिस विभाग को कानून व्यवस्था, सुचारु यातायात और भारी वाहनों को बजीर बावड़ी से झाखड़ी के लिए भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत बोर्ड को बिजली की उचित व्यवस्था, नगर परिषद को सफाई, प्लॉटों के आवंटन में पारदर्शिता बरतने, आईपीएच विभाग को उचित पेयजल व्यवस्था और अग्निशमन विभाग व होमगार्ड को आपदा प्रबंधन के बारे में दिशा-निर्देश दिए। स्थानीय ग्रामीणों की सुविधा के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम की ओर से अतिरिक्त बसों का प्रावधान किया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के लोग लवी मेला का लुत्फ उठा सकें। डॉ. जिंदल ने बताया कि सांस्कृतिक संध्या का आयोजन पीजी कॉलेज रामपुर के मैदान में किया जाएगा। 13 नवंबर को स्थानीय कलाकारों की ओर से नाटी का आयोजन किया जाएगा। कलाकारों के लिए एक से छह नवंबर तक ऑडिशन आयोजित किए जाएंगे। मंच के लिए भी ऑडिशन अनिवार्य होगा।