करवा चौथ पर पति ने की गर्भवती पत्नी की हत्या, पति-सास गिरफ्तार
दढ़ियाल/टांडा (रामपुर)। जिस पति की लंबी उम्र के लिए करवा चौथ का व्रत रखा, उसी ने दहेज के लालच में परिजनों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। इतना ही नहीं आरोपियों ने मृतका के गर्भवती होने का भी ख्याल नहीं किया। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने हंगामा करते हुए दहेज हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने पति समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पति व सास को मौके से गिरफ्तार कर लिया है।
मानवता को शर्मसार और दिल दहलाने वाली यह घटना क्षेत्र ग्राम मझरा मुवाना में हुई। मसवासी के मोहल्ला चाउपुरा निवासी वीर सिंह ने बेटी गौतम कुमारी का विवाह 6 माह पूर्व क्षेत्र के ग्राम मझरा मुवाना निवासी विपिन कुमार के साथ किया था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुरालियों ने दहेज की मांग को लेकर विवाहिता के साथ मारपीट शुरू कर दी थी। मायके पक्ष के लोगों के अनुसार विपिन व उसके परिजन दहेज में दो लाख रुपये और कार की मांग कर रहे थे। जो वो पूरी नहीं कर पाए। रविवार रात भी ससुरालियों ने पहले उसके साथ मारपीट की और बाद में उसके गले में दुपट्टे का फंदा बनाकर लकड़ी की सीढ़ी से लटका दिया। इससे गौतम कुमारी की मौत हो गई। सोमवार सुबह ससुराल पक्ष के लोगों ने विवाहिता के परिजनों को आत्महत्या की जानकारी दी। सूचना से मायके पक्ष के लोग सकते में आ गए। मृतका के शरीर पर चोट के निशान देखकर परिजनों का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। साथ ही भाई सुधीर की तहरीर पर पति विपिन, ससुर चंद्रपाल, जेठ विनाद कुमार, सास चमेली और जेठानी सोनी के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पुलिस ने मौके से पति विपिन और सास को गिरफ्तार भी कर लिया है। कोतवाल आरबी कौल ने बताया कि जांच के बाद अन्य आरोपियों की भी शीघ्र गिरफ़्तारी की जाएगी।