बुखार का कहर जारी,डेढ़ सौ मरीज और भरती
रामपुर। बदलते मौसम में बुखार का कहर थम नहीं रहा है। इसका असर जिला अस्पताल में मरीजों की देखभाल पर भी पड़ने लगा है। इस बीच शुक्रवार को पिछले चौबीस घंटे में डेढ़ सौ से ज्यादा मरीज और भरती हुए। इस दौरान मरीजों के साथ ही तीमारदारों को खासी दिक्कत हो रही है। ।
बदलते मौसम में बुखार अपने पैर पसारने लगा है। पिछले एक पखवाड़े से बुखार काफी परेशान कर रहा है। खातसौर से वायरल, डेंगू ने भी लोगों को जकड़ना शुर कर दिया है। बुखार के कहर के चलते लोगों को खासी परेशानी हो रही है। ग्रामीण इलाकों में तो बुखार पीड़ितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। डाक्टरों के क्लीनिक पर इन दिनों बुखार पीड़ितों की संख्या लगातार बढ़ी है। जिला अस्पताल में ही पिछले चौबीस घंटे में डेढ़ सौ बुखार पीड़ित भरती हुए हैं। इन मरीजों का इलाज चल रहा है। जिला अस्पताल में इसके अलावा ओपीडी में भी बुखार पीड़ित आए हैं। इसी तरह निजी डाक्टरों के क्लीनिक पर भी मरीजों की संख्या बढ़ी है। लगातार संख्या बढ़ने की वजह से हालत यह है कि एक-एक बैड पर दो मरीजों का इलाज किया जा रहा है। हालत काफी खराब हो चली है। मरीजों के साथ ही तीमारदारों को भी खासा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वार्डों में मरीजों को ठीक ढंग से बैड तक नहीं मिल पा रहा है।