ये है हादसों का सफर, यहां हर 36 घंटे में होती है मौत
रामपुर। जिले की सीमा में हाईवे पर सफर हादसों के सफर से कम नहीं है। इस साल अगस्त माह के अंत तक 279 हादसे हो चुके हैं। इन हादसों में 156 लोगों की मौत भी हुई है। आंकड़ों से साफ जाहिर है कि औसतन हर 36 घंटे में हादसों में एक जान जा रही है। जिले में हादसों का औसत प्रतिदिन एक हादसे से अधिक है। जिले में कुछ स्थान तो ऐसे हैं जिनमें सबसे अधिक हादसे हुए हैं। ऐसे 14 स्थानों को चिह्नित भी किया गया है।
केंद्र सरकार द्वारा बुधवार को सड़क हादसों को लेकर एक रिपोर्ट जारी की गई है। जिसमें देश में पिछले साल सबसे अधिक हादसे यूपी में हुए हैं। जिससे जाहिर है कि यूपी में सफर जोखिम भरा है। लेकिन, बात अगर जिले की हो तो रामपुर में भी औसतन हर 36 घंटे में हादसे में एक मौत हो रही है। जिसकी पुष्टि यातायात पुलिस के पास उपलब्ध आंकड़ों से हो रही है। यातायात पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक इस साल अब तक 279 हादसे हुए हैं। जिनमें 156 लोगों की मौत हुई है तो 249 लोग घायल हुए हैं।