आजम के बाद डा. तजीन ने भी प्रतिमा के सुंदरीकरण को दो लाख दिए
रामपुर। पंडित दीन दयाल उपाध्याय प्रतिमा प्रकरण में समाजवादी पार्टी के नेताओं की दरियादिली खूब दिख रही है। सूबे के कद्दावर मंत्री रह चुके आजम खां के बाद अब उनकी राज्यसभा सांसद पत्नी तजीन फात्मा ने भी दरियादिली दिखाते हुए प्रतिमा सुंदरीकरण के लिए दो लाख रुपये सांसद निधि से देने की घोषणा की है। इस तरह अब तक सुंदरीकरण के नाम पर ही पांच लाख रुपये दिए जा चुके हैं।
अंबेडकर पार्क के चौराहे पर पंडित दीन दयाल उपाध्याय की प्रतिमा लगाने का मामला कानूनी पेचदगियों में फंस गया है। प्रतिमा स्थापित करने का काम शुरू होने के बाद फिर से रोक दिए जाने के बाद सबसे ज्यादा किरकिरी यदि किसी की हुई है तो वह रामपुर के भाजपा नेताओं की। इस मुद्दे पर तल्ख तेवर दिखाने वाले पूर्व मंत्री आजम खां अब पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा के सुंदरीकरण को लेकर दरियादिली दिखाने लगे है। दो दिन पहले उन्होंने अपनी विधायक निधि से तीन लाख रुपये देने की घोषणा कर भाजपाइयों के जख्मों पर मरहम लगाने की कोशिश की थी। आजम की इस घोषणा के बाद भाजपा नेताओं ने चुप्पी साध ली। अब दो दिन बाद पूर्व मंत्री आजम खां की राज्यसभा सांसद पत्नी डा. तजीन फात्मा ने भी दो लाख रुपये देने की घोषणा की है। डा. तजीन ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर कहा कि डीएम आवास के पास लगी पंडित दीन दयाल उपाध्याय की प्रतिमा का सुंदरीकरण होना जरूरी है इसलिए सांसद निधि से दो लाख रुपये के जरिए इस प्रतिमा का सुंदरीकरण करा दिया जाए। डा. तजीन की इस घोषणा के बाद भाजपाइयों को एक और झटका लगा है।