क्षेत्र में बुखार का कहर थमता नहीं दिख रहा है। शनिवार को सैदनगर व स्वार क्षेत्र के तीन गांवों में तीन बुखार पीड़ितों की मौत हो गई। जिसमें एक छात्र, एक छात्रा और एक बुजुर्ग महिला है। अब तक बुखार से मरने वालों की संख्या 29 हो गई है।
सैदनगर और स्वार क्षेत्र में बुखार लगातार पीड़ितों की जिंदगी पर भारी पड़ रहा है। नगलिया आकिल और आंगा में बुखार पीड़ितों की मौत के बाद शनिवार को क्षेत्र के नगला गनेश, हशमत गंज और भोट बक्काल में बुखार पीड़ितों की मौत की खबर आई है।
नगला गनेश निवासी रईस के बेटे शानू को चार दिन पहले बुखार आया था। शानू क्षेत्र के एक स्कूल में कक्षा दस का छात्र था। बुखार से हालत बिगड़ने पर परिजन शानू को मुरादाबाद के निजी अस्पताल व एक मेडिकल कालेज में लेकर गए। जहां पर उपचार के दौरान शुक्रवार रात उसकी मौत हो गई।
हशमतगंज निवासी ताराचंद की बेटी सुनीता को भी चार दिन पहले बुखार आया था। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां पर हालत में सुधार न होने पर परिजन सुनीता को मुरादाबाद के निजी अस्पताल ले गए। यहां पर उपचार के दौरान शुक्रवार रात सुनीता की मौत हो गई।
वहीं स्वार क्षेत्र के भोट बक्काल गांव निवासी सईदन को शुक्रवार को तेज बुखार आ गया। गांव के पूर्व प्रधान अली अहमद ने बताया कि जब तक परिजन सईदन को बेहतर उपचार के लिए कहीं ले जा पाते उसकी मौत हो गई।
उधर क्षेत्र के हशमतगंज, खंडिया, नगला गनेश, खौद, सींगनखेड़ा, नगलिया आकिल, ढक्का, हरैटा, देवरनिया, अलीनगर शुमाली, दिलपुरा, जटपुरा, कुचैटा समेत कई गांवों में बुखार कहर बरपा रहा है। इन गांवों में कई ग्रामीण बुखार की चपेट में हैं।