रामपुर । प्रदेश में कोरोना संक्रमण के कारण अनाथ हुए बच्चों की देखभाल के लिए शुरू की गई उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत जिले में सर्वे चल रहा है। जिसमें अब तक 29 बच्चे पात्र पाए गए हैं।
जिला प्रोबेशन अधिकारी पल्लवी सिंह ने बताया कि सर्वे में पात्र पाए गए 29 बच्चों में से तीन बच्चों के बारे में नियमानुसार जांच के उपरांत पत्रावली स्वीकृति के लिए जिला स्तर पर गठित टास्क फोर्स को भेजी गई है। इसके बाद अंतिम रूप से स्वीकृति और लाभ प्रदान करने के लिए पत्रावली शासन को भेजी जाएगी। ऐसे बच्चों की देखभाल के लिए अभिभावक या केयर टेकर को चार हजार रुपये प्रतिमाह सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही दस वर्ष से कम आयु के बच्चे जिनके अभिभावक/एक्सटेंडेड फैमिली नहीं हैं उनको राजकीय बाल गृह (शिशु सदन ) में आवासित किया जाएगा। इसके अलावा अनाथ बालिकाओं के विवाह के लिए प्रदेश सरकार एक लाख एक हजार रुपये की राशि उपलब्ध कराएगी। स्कूल अथवा कॉलेज में पढ़ने वाले और व्यावसायिक शिक्षा ग्रहण कर रहे ऐसे सभी अनाथ बच्चों को नि:शुल्क टैबलेट/ लैपटॉप की सुविधा उपलब्ध कराएगी।