रामपुर। जिले में सोमवार को 26 नए कोरोना संक्रमितों की पुष्टि की गई। इसके साथ ही 19 संक्रमितों ने आइसोलेशन की अवधि को पूरा किया है। इसके बाद जिले में सक्रिय कोरोना मामलों की संख्या 302 हो गई है।
कोरोना संक्रमण मामलों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को जिले में कुल सक्रिय मामलों की संख्या तीन सौ के पार पहुंच गई। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी की गई रिपोर्ट में 26 नए संक्रमितों की पुष्टि की गई है। जिनमें आरटीपीसीआर जांच में 10, एंटीजन जांच में 12 और निजी लैबों में हुई जांच में चार लोगों में संक्रमण की पुष्टि की गई है। सोमवार को सामने आए 26 नए मामलों में 15 मामले नगर क्षेत्र से संबंधित हैं। इसके साथ ही 19 लोगों ने आइसोलेशन की अवधि पूरी की है। जिले में अब तक कुल संक्रमितों की संख्या 5961 हो गई है जबकि अब तक 61 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। जिले में अब करीब डेढ़ सौ से अधिक क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन घोषित किया जा चुका है। इन क्षेत्रों में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए सैनिटाइजेशन का कार्य कराया गया। इसके साथ ही रोडवेज बस अड्डे पर भी बसों के साथ स्टेशन परिसर को सैनिटाइज कराया गया।
लोग तोड़ रहे बैरिकेडिंग
रामपुर। लगातार बढ़ रहे कोरोना मामलों के बाद आसपास के क्षेत्रों में इनकी रोकथाम के लिए संबंधित क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित करते हुए प्रशासन द्वारा बैरिकेडिंग कराई जा रही है, लेकिन कई जगहों पर स्थानीय लोग इन बैरिकेडिंग को तोड़ रहे हैं, जिससे कोरोना की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयास कमजोर हो रहे हैं, जबकि इस संबंध में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने भी बैठक कर अधिकारियों को निर्देश दिए हैं जिन स्थानों पर बैरिकेडिंग तोड़ी जा रही है वहां पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाए। संवाद